नारायणगढ़। सहायक भूमि संरक्षण अधिकारी दलबीर सिंह ने किसानों से आह्वान किया कि वे अपने खेतों की मिट्टी की जांच करवाकर सॉयल हेल्थ कार्ड अवश्य बनवाएं, ताकि फसल उत्पादन में वृद्धि हो सके और खेतों की उर्वरा शक्ति लंबे समय तक बनी रहे। उन्होंने कहा कि कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, हरियाणा द्वारा चलाए जा रहे हर खेत-स्वस्थ खेत अभियान के तहत किसानों को मिट्टी जांच सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि मिट्टी नमूने की जांच भूमि परीक्षण प्रयोगशाला नारायणगढ़ एवं मिनी लैब शहजादपुर में पूरी तरह नि:शुल्क की जाती है। किसान अपने खेतों से मिट्टी के नमूने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार लेकर लैब में जमा करवा सकते हैं। संवाद
विश्व का सबसे विस्तृत और लोकतांत्रिक संविधान है : प्राचार्य
शहजादपुर। राजकीय महिला महाविद्यालय में संविधान दिवस बड़े उत्साह व गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रांगण में छात्राओं तथा प्राध्यापकों द्वारा संविधान की प्रस्तावना का समूह वाचन किया गया। प्रस्तावना वाचन के दौरान सभी छात्राओं ने संविधान की भावना, एकता, समानता, न्याय और स्वतंत्रता के सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में राजनीति शास्त्र विभाग की प्राध्यापिका प्रो. वनिता शर्मा ने छात्राओं को संविधान में वर्णित मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों तथा नागरिक दायित्वों से अवगत कराया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. कश्मीर सिंह ने की। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान विश्व का सबसे विस्तृत और लोकतांत्रिक संविधान है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाएं। संवाद
संविधान दिवस पर आयोजित किया कार्यक्रम
शहजादपुर। राजकीय आईटीआई भारांपुर में प्रधानाचार्य सुलतान सिंह के दिशा निर्देशन में संविधान दिवस बड़े ही उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं स्टाफ को भारतीय संविधान के मूल्यों, सिद्धांतों तथा महत्व से अवगत कराना था। समारोह की शुरुआत कुलदीप अधीक्षक, राकेश कुमार प्लेसमेंट अधिकारी व संस्थान के अन्य कर्मचारियों द्वारा संविधान निर्माता डॉ. बाबा साहब भीम राव आंबेडकर को नमन करते हुए की गई, इसके बाद सभी उपस्थित छात्र -छात्राओं, शिक्षक एवं कर्मचारीगण ने सामूहिक रूप से संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया।