पानीपत। शिवरात्रि पर कई बार विभिन्न कारणों से हरिद्वार जाकर गंगाजल लाना संभव नहीं हो पाता। ऐसे में डाक विभाग की ओर से डाकघर में 30 रुपये में 250 मिली लीटर गंगाजल दिया जा रहा है। पोस्टमास्टर सुरेश कुमार राठौर ने बताया कि शिवरात्रि नजदीक है और इस समय पर श्रद्धालु गंगाजल की खोज में रहते हैं।
हर दिन डाकघर में लोग आकर गंगाजल खरीद रहे हैं। यह सेवा लोगों के लिए बेहद उपयोगी और सुलभ साबित हो रही है। इच्छुक लोग अपने नजदीकी डाकघर में जाकर 30 रुपये देकर 250 मिली लीटर गंगाजल की बोतल खरीद सकते हैं।
डाकघर से गंगाजल लेने आई विकास नगर की सुमन देवी ने बताया घर का कोई भी सदस्य हरिद्वार नहीं जा पाया लेकिन अब डाकघर से गंगाजल मिल गया। संवाद