बापौली। थाना बापौली पुलिस ने गांव गोयला खुर्द में खेत से घर लौट रहे युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में चौथे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इससे पहले इस वारदात के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने वारदात में कबूलनामा किया है। पुलिस ने उससे डंडा बरामद किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
थाना बापौली प्रभारी सब इंस्पेक्टर अतर सिंह ने बताया कि उनकी टीम ने अभिषेक निवासी भोड़वाल माजरी को गिरफ्तार किया है। गांव गोयला खुर्द निवासी प्रदीप ने शिकायत देकर बताया था कि छह दिसंबर की देर शाम वह और उसका भाई नितिन खेत से घर लौट रहे थे। नितिन यमुना बांध मोड़ पर टंकी के पास पहुचा तो सनसपाल, रविंद्र , सागर , निशांत निवासी गोयला खुर्द, रोहित निवासी पट्टीकल्याणा रॉड व डंडे लेकर खड़े थे। उन सभी ने रास्ता रोककर नितिन पर हमला कर दिया। आरोपी उसको देखकर जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। आरोपियों ने नितिन के दोनों पैर तोड़ दिए थे।
पुलिस ने गत दिनों आरोपी सनसपाल , गौरव व नितिन को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथी आरोपी अभिषेक निवासी भोड़वाल माजरी व अन्य कई साथी आरोपियों के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा था। अब आरोपी अभिषेक को गिरफ्तार किया गया है।