अंबाला। सिया वाटिका में चल रही रिसेप्शन पार्टी के दौरान सोनू की चाकू से गोदकर हत्या के मामले में पुलिस ने चौथे आरोपी को काबू कर लिया। आरोपी की पहचान कसेरला कलां निवासी प्रवीण कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया है कि प्रवीण पहले लेंटर उठाने का काम करता था। कुछ समय पहले ही रेलवे स्टेशन परिसर में चल रही पार्किंग में काम कर रहा था।
जांच अधिकारी चांदी राम ने बताया कि सोमवार को कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपी से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की जानी है। साथ ही अन्य आरोपियों को लेकर भी पुलिस गहनता से जांच कर रही है।
-
यह था मामला
22 फरवरी की रात 12 बजे कॉलेज में हुए झगड़े की रंजिश के चलते छह बदमाशों ने पैलेस की पार्किंग में भी चार युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में अंबाला सिटी के दुर्गा नगर निवासी सोनू (22) की मौत हो गई। रिसेप्शन के इवेंट प्लानर सुखराज (19) की बाजू व उनके भाई जसराज (19) की पेट व बीचबचाव करवाने आए भूपिंद्र (20) की जांघ में चाकू लगा था। जसराज की बिगड़ती हालत को देखते हुए कैंट के नागरिक अस्पताल से चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया था। इस मामले में पहले तीन आरोपी कसरेलां कलां निवासी सागर, शिवम व साहिल के रूप में हुई थी।
-