पानीपत। सीनीयर डिप्टी मेयर दुष्यंत भट्ट लोगों के साथ बैठक करते हुए।
- फोटो : Panipat
पानीपत। पालिका बाजार स्थित नगर निगम कार्यालय में वीरवार को हुई बैठक में वरिष्ठ उपमहापौर दुष्यंत भट्ट ने बताया कि संपत्ति कर में सुधार के लिए चार समाधान केंद्र बनाए गए हैं।
बैठक के दौरान पार्षद नरेंद्र सुरा ने बैठक का एजेंडा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि इस समय सभी 26 वार्डों में तेजी से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं लेकिन कुछ उद्योग और डेयरी मालिकों की लापरवाही के कारण सार्वजनिक स्थलों व सड़क के किनारों और रेल की पटरियों के दोनों और गंदगी डालने कारण शहर कि स्वच्छता को ग्रहण लग रहा है। इसलिए रेलवे और संबंधित विभागों को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि इस समय शहर के सभी 26 वार्डों में याशी कंपनी की ओर से संपत्तियां सर्वेक्षण का कार्य किया जा रहा है। संपत्ति मालिकों को यह कंपनी नोटिस देने का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। अगर दिए गए विवरण में गलत आंकड़े अंकित हैं तो उसका समय रहते सुधार किया जाएगा। इस कार्य को निर्धारित अवधि में पूरा करने और जनता को सुविधा देने के लिए शहर में चार स्थानों पर इस कंपनी ने जनसुनवाई के केंद्र खोले हैं।
उन्होंने बताया कि पहला कार्यालय ताऊ देवी लाल कंपलेक्स रेलवे रोड के कार्यालय में खोला गया है। यहां 13 से 20 वार्डो तक के लोगों की सुनवाई की जाएगी। इसी प्रकार द्वितीय कार्यालय पालिका बाजार के नगर निगम के कार्यालय में है जिसमें 1 से 6 वार्डो तक की सुनवाई की जाएगी। तीसरा कार्यालय वरिष्ठ उपमहापौर दुष्यंत भट्ट के वीवर्स कॉलोनी के कार्यालय में खोला गया है। यहां पर 21से 26 तक के लोगों की सुनवाई होगी।
इसके अलावा चौथा कार्यालय सीनियर सिटीजन आहुजा अस्पताल सनौली रोड में स्थापित किया गया है, यहां पर 7 से 12 वार्डों के नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि संपत्ति के मालिक नोटिस मिलने के बाद ही इन कार्यालयों में जाकर अपनी समस्या का समाधान करवा सकते हैं।