पानीपत। शहर की नई वार्डबंदी में चार एससी वार्ड बनाएं जाएंगे। इनका चयन वार्डबंदी के साथ ही कर दिया जाएगा। जबकि अब तक तीन बीसी वार्डों को बनाए जाने पर मंथन है। बीसी के लिए वार्डों के ड्रॉ निकाले जाएंगे।
तीन बीसी वर्ग के वार्डों के लिए उन 12 वार्डों को चिह्नित किया जाएगा जहां बीसी वर्ग की जनसंख्या ज्यादा है। 12 का ड्रॉ करके तीन वार्डों पर बीसी वर्ग की फाइनल मुहर लगेगी। चार एससी और तीन बीसी वार्डों को बनाने के लिए महिलाओं के लिए आरक्षित वार्डों का भी ड्रॉ किया जाएगा। सबसे खास बात ये है कि 6.95 लाख की जनसंख्या का ये आधार परिवार पहचान पत्र से लिया गया है। वहीं, पीपीपी के आधार पर ही जातीय समीकरणों के हिसाब से नई वार्डबंदी की जा रही है। हालांकि अब तक ये कंफर्म नहीं हो सका है कि नई वार्डबंदी में महिलाओं को कितने प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। माना जा रहा है कि महिलाओं को 11 से 14 वार्ड मिल सकते हैं।
शहर की ड्रॉफ्ट हो चुकी नई वार्डबंदी के संशोधन को लेकर आगामी की बैठक अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम के बाद होना संभावित है। चूंकि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर शहर के नेताओं से लेकर अधिकारियों की व्यस्तता बढ़ती जा रही है। इसी वजह से अब तक एडहॉक की दूसरी बैठक का बुलावा नहीं आ पाया है। माना जा रहा है कि पीएम कार्यक्रम के बाद संशोधित ड्रॉफ्ट पर फाइनल मुहर लगाई जाएगी।
अब व्यस्त शेड्यूल : एडहॉक कमेटी के सदस्य अशोक कटारिया ने बताया कि फिलहाल अधिकारियों से लेकर सभी नेताओं का शेड्यूल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर व्यस्त चल रहा है।