संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। जिला औषधि अधिकारी ने शुक्रवार को समालखा स्थित सामान्य अस्पताल से कफ सिरप के चार नमूने लिए हैं। ये नमूने विभाग की निदेशालय द्वारा गठित टीम की देखरेख में लिए गए। जिले में तीन दिन में कफ सिरप के 12 नमूने लिए जा चुके हैं। सोमवार से इनमें और तेज लाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने जिले में कहीं भी कोल्डरिफ साल्ट का कफ सिरप न देने का दावा किया है।
जिला औषधि अधिकारी डॉ. पवन कुमार ने शुक्रवार को समालखा के सामान्य अस्पताल के स्टोर से कफ सिरप के चार नमूने लिए और उन्हें जांच के लिए भेजा गया। नमूनों की रिपोर्ट दस दिन में आएगी। इसमें रिपोर्ट सही नहीं आती है तो उस केंद्र सख्त कार्रवाई की जाएगी। डॉ. पवन कुमार ने कहा कि जिले में संदिग्ध मेडिकल, सीएचसी, पीएचसी पर जांच की जाएगी। इसके बाद ही इसे शुरू किया जा सकेगा। जिला नागरिक अस्पताल में मंगलवार और बुधवार दो दिन कफ सिरप की बिक्री को होल्ड किया गया था। वीरवार से ओपीडी में आए मरीजों को आवश्यकतानुसार कफ सिरप देना शुरू किया गया। विभाग का कहना है कि जिले में कहीं भी कोल्डरिफ साल्ट का कफ सिरप नहीं बेचा जा रहा है। जिला नागरिक अस्पताल में इस साल्ट वाला कफ सिरप पहले से ही नहीं है। शुक्रवार को अधिकारियों व टीम ने मरीजों से भी बात की।
जिले में पहले से ही कोल्डरिफ साल्ट युक्त कफ सिरप नहीं है। जिला औषधि अधिकारी व प्रदेश स्तर की टीम नमूने ले रही है। सोमवार से नमूने लेने की प्रक्रिया को तेज गति से किया जाएगा। किसी प्रकार की कमी मिली तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. विजय मलिक, सीएमओ।