पानीपत। सीआईए-थ्री पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।
- फोटो : Panipat
पानीपत। सीआईए-3 ने गांव सिवाह से अंतरराज्यीय वाहन चोरी गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। हालांकि एक साथी भाग निकला। इन पर डकैती की योजना बनाने का आरोप है। इनके पास से पुलिस ने चोरी का ट्रैक्टर और बाइक के साथ ही देसी पिस्तौल, दो रॉड और बैटरी बरामद की है। पुलिस इन्हें कोर्ट में पेश कर तीन को जेल भेज दिया और एक को तीन दिन की रिमांड पर लिया है।
सीआईए-3 प्रभारी अनिल छिल्लर ने बताया कि यह डकैती की साजिश रच रहे थे, इनकी सूचना मिलने पर दबिश देकर गिरोह के चार सदस्यों को टीम ने पकड़ा है। बागपत के गाव काठा निवासी रीगल, बड़ौत के गांव राजपुरा निवासी संजीव, संदीप और प्रताप को पकड़ा गया है। मंगलवार रात को गांव सिवाह के पास गश्त के दौरान स्टेडियम के पास ट्रैक्टर एवं बाइक सवार पांच युवकों की सूचना मिली, यह पता चला कि डकैती की वारदात को अंजाम देने वाले हैं। टीम ने मौके पर पांचों को घेर लिया लेकिन एक आरोपी फरार होने में सफल हो गया।
उन्होंने बताया कि यह गिरोह हरियाणा एवं उत्तर प्रदेश मे वाहन चोरी की कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। सेक्टर-29 थाने में इन पर तीन केस दर्ज हैं। आरोपी संदीप, प्रताप और रीगल को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया जबकि संजीव को रिमांड पर लिया गया है। कोर्ट में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। आरोपी संजीव एवं रीगल का आपराधिक इतिहास है। संजीव पर चोरी, हत्या का प्रयास एवं आर्म्स एक्ट के केस बागपत थाने में दर्ज हैं। वह कुछ समय पहले जमानत पर बाहर आया था। आरोपी रीगल के खिलाफ ट्रैक्टर चोरी का एक मुकदमा गाजियाबाद के लोनी और बागपत में अवैध शराब तस्करी का एक केस दर्ज है।