मंदिर में घुसा संदिग्ध। स्रोत : सोशल मीडिया
पानीपत। शहर की पॉश कॉलोनी एल्डिको के देव मंदिर के चार दानपात्र तोड़ दान राशि चोरी कर ली गई। इनमें दान के करीब 25 हजार रुपये थे। मंदिर के सीसीटीवी में एक युवक नजर आया है। आरोपी साथ लगती दूसरी कॉलोनी की तरफ से दीवार फांदकर आया था। आरोपी करीब 24 मिनट तक मंदिर में रहा। सेक्टर-13-17 थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। यह शहर के मंदिरों में एक महीने में चौथी चोरी है।
एल्डिको निवासी अनिल गर्ग ने बताया कि कॉलोनी में देव मंदिर है। इसमें पूरी कॉलोनी के लोगों की आस्था है। पिछले शनिवार को शनि जयंती पर कार्यक्रम किया गया था। इसके बाद मंदिर के दानपात्र बंद थे। उनको शुक्रवार तड़के मंदिर पुजारी गाेबिंद नारंग ने सूचना दी कि मंदिर से दानपात्र चोरी कर लिए गए हैं। वे सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध रात 10:50 बजे दीवार फांदकर अंदर आता और 11:14 बजे वापस जाते नजर आया। उसके हाथ में एक डंडी थी। उसने कुछ देर मंदिर परिसर में सामान तलाश किया। उसने कुछ देर बाद दरवाजे का कुंडा तोड़ दिया। मंदिर के अंदर चारों दानपात्र के ताले तोड़कर दान राशि चोरी कर ली गई। उन्होंने पुजारी के साथ मिलकर सभी दानपात्र देखे। मंदिर के ऊपर तीन और बाहर रखे एक दानपात्र का ताला टूटा मिला। इनमें करीब 25 हजार रुपये चाेरी मिले हैं। सेक्टर 13-17 थाना पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। पुलिस ने शिकायत लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज बरामद कर ली है। थाना प्रभारी दलबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ब्यूरो