पानीपत। थाना सेक्टर-29 क्षेत्र में 26 अक्तूबर को फैक्टरी से लौट रहे श्रमिक के साथ मारपीट कर लूटपाट करने के चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सीआईए-3 की टीम ने शनिवार शाम को चारो आरोपियों से मारपीट कर लूट करने वाले चार आरोपियों निकास नगर निवासी साहिल व जीतू, कृष्णा गार्डन कॉलोनी निवासी अभिषेक व बतरा कॉलोनी निवासी संजय को ऊझा मोड से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
सीआईए-3 प्रभारी विजय ने बताया कि शनिवार शाम को टीम को सूचना मिली थी कि उझा मोड़ के पास संदिग्ध किस्म के चार युवक दो बाइक पर सवार होकर किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर चारों युवकों को काबू किया। साहिल, जीतू, अभिषेक, संजय से पूछताछ की गई। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 26 अक्टूबर की रात अमीरा गार्डन के पास पैदल जा रहे एक युवक से मारपीट कर मोबाइल फोन लूटने की वारदात को अंजाम दिया था। जिसका मुकदमा सेक्टर-29 थाने में दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। ब्यूरो