पानीपत।त्योहारी सीजन के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। विभाग की टीम ने शनिवार को सनौली रोड स्थित मावा भंडारों पर अचानक छापेमारी की और जांच के लिए पांच खाद्य पदार्थों के नमूने भरे। इनमें मुख्य रूप से पनीर और क्रीम के सैंपल शामिल हैं। इन्हें प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई नामित अधिकारी (डेजिग्नेटेड ऑफिसर) डॉ. बीरेंद्र यादव की देखरेख में जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. विक्रम सिंह की टीम द्वारा अंजाम दी गई। टीम की अचानक हुई इस कार्रवाई से मावा भंडार संचालकों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान कई विक्रेता अपनी दुकानें बंद कर मौके से खिसक गए।
नामित अधिकारी डॉ. बीरेंद्र यादव ने बताया कि त्योहारों पर शुद्ध खाद्य सामग्री सुनिश्चित करने के लिए यह विशेष अभियान शुरू किया गया है। आने वाले दिनों में भी जिले भर में मिठाइयों और डेयरी उत्पादों की दुकानों पर यह सैंपलिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। मिलावट पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संवाद