समालखा। समालखा थाना पुलिस ने राक्सेड़ा गांव में रास्ता रोककर पिटाई करने के पांच आरोपियों राक्सेड़ा गांव निवासी आसिफ, सऊद, उस्मान, मोहम्मद नईम उर्फ रहीम व इरशाद उर्फ फौजी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकारा। आरोपियों से दो डंडे, खोदाल, ड्रिल मशीन व हथोड़ा बरामद किया।
समालखा थाना प्रभारी दीपक ने बताया कि राक्सेड़ा गांव के यासिन उर्फ सोनू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह 16 नवंबर को सुबह करीब साढे दस बजे अपने घर के बाहर खड़ा था। तभी उसने देखा कि रहीमा, साउद, आसिफ, मंजमिल, फौजी, उस्मान व बिल्ला गली में बनी नाली को उखाड़ कर सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहे थे। उसने इसका विरोध किया। तभी सभी ने उसका रास्ता रोककर पिटाई शुरू कर दी। उसकी आवाज सुनकर बड़ा भाई बीच बचाव करने दौड़ा तो आरोपियों ने उसे भी पकड़ लिया। परिजन इलाज के लिए उसे सामान्य अस्पताल लेकर गए। पुलिस ने यासिन उर्फ सोनू की शिकायत पर थाना समालखा में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। संवाद