पानीपत। कॉलेजों में आवेदन व सत्यापन प्रक्रिया संपन्न होने के बाद उच्चतर शिक्षा विभाग ने शुक्रवार शाम को पहली मेरिट लिस्ट जारी कर दी। हालांकि वरीयता सूची सुबह जारी की जानी थी जिसके लिए विद्यार्थी सुबह से ही कॉलेजों में पहुंचना शुरू हो गए थे। दोपहर बाद तक वरीयता सूची जारी न होने पर विद्यार्थी दोपहर तक इंतजार करते रहे। उसके बाद हताश होकर वापस लौट गए। हालांकि देर शाम वरीयता सूची जारी होने से विद्यार्थियों में उत्साह है। अब उन्हें शनिवार का इंतजार है। शनिवार को सूची में नाम देख विद्यार्थी फीस जमा करवा अपना दाखिला सुनिश्चित करना चाहेंगे।
शेड्यूल के अनुसार 16 अगस्त तक ही विद्यार्थी पहली मेरिट लिस्ट के आधार पर फीस जमा करा सकते हैं। विभाग 19 अगस्त को दूसरी मेरिट लिस्ट जारी करेगा। कॉलेजों में 26 अगस्त से ओपन काउंसलिंग के माध्यम से दाखिले की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। शुक्रवार को पहली मेरिट लिस्ट जारी होनी थी। इसलिए सुबह से ही कॉलेज प्रबंधन भी तैयारी कर बैठ गया। विद्यार्थियों का भी कॉलेजों में पहुंचना शुरू हो गया। वह विभाग की वेबसाइट को बार-बार चेक करते रहे लेकर शाम 5 बजे तक मेरिट लिस्ट जारी नहीं हो सकी। इस कारण बच्चों के साथ-साथ कॉलेज स्टाफ भी अपने-अपने घर चले गए। विभाग ने शाम 5 बजे के बाद पहली मेरिट लिस्ट को एडमिशन पोर्टल पर अपलोड कर दिया। कॉलेज प्रबंधकों का कहना है कि शनिवार को ही वह कॉलेज में पहुंचकर मेरिट लिस्ट चेक कर सकेंगे कि किस-किस कोर्स की मेरिट क्या रही है।
बाक्स
- विभाग ने नहीं बढ़ाई थी रजिस्ट्रेशन की तिथि
हरियाणा बोर्ड और सीबीएसई के 12वीं के परीक्षा परिणाम जारी होने के साथ ही 26 जुलाई को उच्चतर शिक्षा विभाग ने यूजी के प्रथम वर्ष के लिए दाखिला का शेड्यूल जारी कर दिया था। विभाग ने एक अगस्त से दाखिले के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए पोर्टल ओपन कर दिया। विभाग ने इस बार तय समय के अनुसार 8 अगस्त को रजिस्ट्रेशन पोर्टल बंद कर दिया। इस कारण कई बच्चे अभी भी रजिस्ट्रेशन करने से वंचित रह गए हैं। इस बार विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए अंतिम डेट नहीं बढ़ाई है।
बाक्स
15724 विद्यार्थियों ने पास की है 12वीं की परीक्षा
बता दें कि इस बार 15724 विद्यार्थियों ने 12वीं कक्षा की परीक्षा पास की है। इसमें हरियाणा बोर्ड के 10749 विद्यार्थी तथा सीबीएसई के 4975 विद्यार्थी शामिल हैं। वहीं जिले के 5 राजकीय, 5 एडेड और 10 सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में यूजी की करीब 13270 सीटें हैं। वहीं जिले के राजकीय कॉलेजों में इस बार 400 सीटें बढ़ा दी गई हैं। इसलिए इस बार दाखिले के लिए ज्यादा मारामारी नहीं रहेगी।
प्रमुख कॉलेजों में सीटों की स्थिति-
कॉलेज सीटें
आर्य कॉलेज - 2100
एसडी कॉलेज - 2000
आईबी कॉलेज - 1700
राजकीय महाविद्यालय पानीपत - 940
राजकीय कन्या महाविद्यलाय मडलौडा- 580
राजकीय महाविद्यालय इसराना - 390
राजकीय महाविद्यालय, बापौली - 640
वैश्य कॉलेज समालखा -440
जीए कॉलेज समालखा - 400
आर्य आदर्श कन्या महाविद्यालय मडलौडा - 950
देवी लाल कॉलेज सिवाह - 320
गीता डिग्री कॉलेज - 1590
पाइट कॉलेज - 400
एपिट कॉलेज - 420
पाइट कॉलेज - 400
जीडीआर कॉलेज - 150
वर्जन-
उच्चतर शिक्षा निदेशालय द्वारा शुक्रवार शाम को पहली वरीयता सूची जारी है। इसलिए कॉलेजों में आज सूची जारी नहीं की जा सकी। शनिवार को ही वह कॉलेज में पहुंचकर मेरिट लिस्ट चेक कर सकेंगे कि किस-किस कोर्स की मेरिट क्या रही है।
- डॉ. जगदीश गुप्ता, प्राचार्य, आर्य महाविद्यालय, पानीपत।