पानीपत। तहसील कैंप के जुट्टू चौक पर चार दिन पहले तीन पिल्लों को गाड़ी से कुचलने के आरोपी पिकअप चालक को समालखा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को तीन महीने तक पानी पिलाने की सजा दी गई है। इससे पहले वह कुतिया के पैर पकड़कर भविष्य में गलती न करने और ड्राइविंग न करने की बात कह चुका है। आरोपी विनोद को पुलिस ने नई पहल वेलफेयर सोसाइटी की मदद से पकड़ा था, जो चुलकाना गांव का निवासी है। इसके बाद पुलिस की उपस्थिति में सोसाइटी सदस्यों और अन्य लोगों की ओर से पंचायत में आरोपी को उक्त सजा सुनाई गई।
विदित हो कि बीते रोज आरोपी विनोद को पकड़कर जट्टू चौक पर ले जाया गया था, जहां उसने तीन पिल्लों को कुचल दिया था। यहां संस्था के सदस्यों ने आरोपी विनोद से कुतिया के पैर पकड़कर माफी मंगवाई। यहां विनोद ने लोगों से भी माफी मांगते हुए कहा कि वह अब जीवन में कभी ड्राइवरी नहीं करेगा। इसके बाद आरोपी को समालखा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को तीन माह तक पानी पिलाने की सेवा करने की सजा दी गई है। नई पहल वेलफेयर सोसाइटी के सदस्य कुनाल कपूर ने बताया कि उनकी टीम को सोशल मीडिया के माध्यम से कुत्तों को मारे जाने की सूचना मिली थी। सीसीटीवी फुटेज में पिकअप चालक पिल्लों को जान बूझकर कुचलता साफ दिखाई दे रहा है। आरोपी विनोद पिल्लों को टायर के नीचे कुचलते हुए गाड़ी के शीशे में भी देख रहा था। इसकी शिकायत पुलिस को भी दी गई थी। पिकअप के नंबर के आधार पर आरोपी विनोद को पकड़कर कुतिया से माफी मंगवाई गई है। आरोपी ने यहां हाथ जोड़कर भविष्य में कभी ड्राइवरी न करने की बात कही है। अब उसे रेलवे स्टेशन पर तीन माह पानी पिलाने की सजा दी गई है।