संवाद न्यूज एजेंसी
समालखा। विदेश में रह रही साली पर रौब जमाने के लिए एक युवक ने रिवाल्वर से हवाई फायरिंग कर दी।
उसी समय वहां पर मौजूद ईआरवी 702 पर तैनात चालक ने युवक का वीडियो बना लिया। इसके बाद युवक के खिलाफ थाना समालखा में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान आरोपी से रिवाल्वर का लाइसेंस बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।
मामला समालखा थाना क्षेत्र में जीटी रोड भापरा बाईपास का है। ईआरवी 702 पर तैनात हेड कॉन्स्टेबल कुलदीप ने समालखा थाने में मुकदमा दर्ज कराया। उनका कहना है कि 2 अगस्त की रात करीब नौ बजे वह गश्त पर थे। जब वह जीटी रोड पर भापरा बाईपास पर पहुंचे तो मोटरसाइकिल सवार युवक ने हवा में दो फायर किए। ईआरवी पर तैनात चालक सतीश ने बाइक व चालक का वीडियो बना लिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की धरपकड़ शुरू कर दी।
रविवार सुबह समालखा थाना पुलिस ने आरोपी रविंद्र निवासी समालखा को भापरा मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी साली विदेश में रहती है। जो इन दिनों दिल्ली अपने घर आई हैं। साली 2 अगस्त को पानीपत में खरीदारी करने के लिए आई थी। उसकी पत्नी और साली खरीदारी करने के बाद रात को करीब नौ बजे बाइपास पर पहुंची थी।
जहां से वह उन्हेें लेने पहुंचा था। साली को रौब दिखाने के लिए उसने लाइसेंसी रिवाल्वर से दो हवाई फायर किए। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है।