इसराना। इसराना और मतलौडा में जल्द ही फायर सब स्टेशन बराए जाएंगे। दोनों कस्बों में दमकल उप केंद्र बनने से हजारों किसानों, फैक्टरी संचालकों व अन्य लोगों को फायदा होगा। यह दोनों कस्बे शहर से करीब 20 किमी की दूरी पर पड़ते है और आगजनी के समय शहर से दमकल विभाग की गाडियां पहुंचने में तकरीबन आधा घंटा लग जाता है। पिछले सीजन में भी कई किसानों की गेहूं की फसल जल चुकी है और फैक्टरियों में भी आग लगने की घटनाएं होती रहती है।
एसडीएम इसराना नवदीप सिंह नैन पिछले काफी समय से पंचायत व दमकल विभाग के अधिकारियों के संपर्क में रहकर दोनों स्थानों पर फायर सब स्टेशन के लिए जगह चिह्नित करने के कार्य में लगे हुए थे। मतलौडा में तो फायर सब स्टेशन के लिए तहसील बिल्डिंग के पास ही करीब डेढ़ एकड़ जगह चिह्नित की जा चुकी है। एसडीएम नवदीप नैन ने इसराना में प्रस्तावित फायर सब स्टेशन के लिए मंगलवार को अपने कार्यालय में पंचायत व दमकल विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। जिला दमकल अधिकारी सुमित व नोडल अधिकारी अमित गोस्वामी और पंचायत विभाग के ग्राम सचिव व इसराना के सरपंच राजेश जागलान मौजूद रहे।
बैठक के बाद फायर सब स्टेशन के लिए जगह चिह्नित करने के लिए गठित टीम ने इसराना में तीन जगहों का निरीक्षण किया गया। इसी टीम द्वारा अब तीनों स्थानों में से एक जगह को फाइनल किया जाएगा। एसडीएम नवदीप सिंह नैन ने बताया कि पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार के प्रयास से शहर में फायर सब स्टेशन बनने जा रहे है। मतलौडा में तहसील बिल्डिंग के पास जगह फाइनल हो चुकी है। इसराना में भी मंगलवार को पंचायत व दमकल विभाग की टीम द्वारा तीन स्थानों पर जगह का निरीक्षण किया गया और कमेटी जल्द ही एक जगह को फाइनल कर देगी।