समालखा। रेलवे रोड स्थित बंसल फर्नीचर हाउस में सोमवार देर रात आग लग गई। जिससे दुकान में रखा फर्नीचर राख हो गया। अनुमानित 30 लाख रुपये का सामान जलने का दावा किया गया है। दमकल विभाग के कर्मचारियों ने चार गाड़ियों को करीब पांच घंटे के बाद आग पर काबू पाया।
नरेश बंसल ने बताया कि वह रोज की तरह सोमवार रात करीब आठ बजे दुकान बंद कर अपने घर चला गया था। रात करीब दस बजे एक जानकार का फोन आया। उन्होंने आग लगने की सूचना दी। वह पहुंचा तब तक दुकान से धुआं और आग की लपटें उठने लगी थी। आग सबसे पहले दुकान के पहली मंजिल पर लगी। जहां महंगे फर्नीचर, सोफे, गद्दे और बेड रखे थे। पहली मंजिल पर होने के कारण हाइड्रा को बुलाया गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने लगातार प्रयास कर आग पर काबू पाया।
तब तक अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। दमकल कर्मियों ने रात के दो बजे तक आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। शॉर्ट सर्किट या किसी अज्ञात कारण की संभावना जताई जा रही है। स्थानीय दुकानदारों और लोगों की भीड़ रातभर घटनास्थल पर जमा रही। नरेश बंसल ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर मुआवजा देने की मांग की है।