पसीना रोड स्थित अभिटेक्स इंटरनेशनल फैक्टरी में रविवार सुबह करीब सात बजे आग लग गई। जिसमें फैक्टरी के तीन गोदामों में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। मौके पर फायर ब्रिगेड की 9 गाड़ियों ने मोर्चा संभाला और लगातार 7 घंटे तक पानी डाला, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस आगजनी में अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग से फैक्टरी में करोड़ों का सामान जलकर राख होने की सूचना है। माना जा रहा है कि शार्ट सर्किट के कारण आग लगी होगी।
फायर ब्रिगेड को सुबह सात बजे सूचना मिली कि पसीना रोड पर अभिटेक्स इंटरनेशनल में आग लग गई है। दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। लाल बत्ती फायर स्टेशन के अलावा सेक्टर-25 और हाली पार्क से भी एक के बाद एक आठ फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को बुलाया गया। इसी दौरान एनएफएल से भी एक गाड़ी पहुंची। सुबह सात बजे से लेकर दोपहर दो बजे तक सात घंटे बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया जा सका। फायर ब्रिगेड कर्मी अमित कुमार ने बताया कि कंपनी में ही पानी की पर्याप्त मात्रा होने के कारण उन्हें आग बुझाने में काफी सहायता मिली। उन्हें बार-बार पानी भरने के लिए नहीं जाना पड़ा। कंपनी के मैनेजर सुरेंद्र कुमार से संपर्क किया गया, लेकिन उनका पक्ष नहीं मिल सका।