पानीपत। पानीपत शहर में एक हैंडलूम फैक्टरी, डाई हाउस और जन्मदिन पार्टी में मकान में लगी आग का ताडंव देखने को मिला। शनिवार अल सुबह तीन बजे पहली आग बरसत रोड स्थित बालाजी हैंडलूम में ट्रांसफार्मर में हुए शॉर्ट सर्किट से लगी। जिसको दमकल की आठ गाड़ियों ने मिलकर साढ़े पांच घंटे में कंट्रोल किया। उसके बाद शाम करीब छह बजे टीडीआई में एक जन्मदिन पार्टी में गैस गीजर में हुए शॉर्ट सर्किट से मकान में आग लग गई। सूचना पाकर दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और काबू पाया। तीसरी आग शाम सात बजे हरियाणा इनवायरमेंटल सासायटी के प्रदेशाध्यक्ष के सेक्टर 29 पार्ट-2 स्थित डाईहाउस में लगी। जिसमें दमकल की गाड़िया मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई।
बॉक्स
आग एक
तहसील कैंप निवासी रिंकू चुघ ने बताया कि उसकी बरसत रोड पर बालाजी हैंडलूम के नाम से फैक्टरी है। जिसमें वह वेस्ट माल का रोल तैयार करते है। शनिवार अल सुबह चार वर्कर फैक्टरी में काम कर रहे थे। इसी बीच ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट हुआ। जिसकी जिंगारी से फैक्टरी में आग लग गई। काम कर रहे कर्मचारियों ने धुआं उठता देख आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटे बढ़ती गई। जिसके बाद उन्होंने दमकल व उसे सूचना दी। वह मौके पर पहुंचा। दमकल की आठ गाड़ी मौके पर पहुंची। जिनमें तीन गाड़ी लालबत्ती, तीन हॉली पार्क और दो हुडा कार्यालय से पहुंची। उन्होंने साढ़े पांच घंटे की मशक्कत से सुबह साढ़े आठ बजे तक आग को कंट्रोल किया। हालांकि शाम तक भी आग धधकती रही, जिसके लिए एक गाड़ी तैनात रही। आग से उनका लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
आग दो
टीडीआई निवासी आशोक दीवान ने दमकल को बताया कि शनिवार को उसके बेटे का जन्मदिन था। इसलिए शाम छह बजे घर में तैयारी चल रही थी। घर में बच्चों ने कुछ पटाखे जलाए। इसके अलावा गैस गीजर में भी शॉर्ट सर्किट हुआ। वह जन्मदिन पार्टी में व्यस्त थे। इसी बीच धुंआ उठता दिखा। उन्होंने काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग बेकाबू होती गई। जिसके बाद उन्होंने दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आग से उनका गैस गीजर, वॉशिंग मशीन, फर्नीचर व अन्य सामान जल गया। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
आग तीन
हरियाणा एनवायरमेंटल सासायटी के प्रदेशाध्यक्ष भीम राणा की सेक्टर 29 पार्ट-2 स्थित डाई हाउस में शनिवार शाम करीब सात बजे संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें बढ़ती गई। जिसके बाद उन्होंने मालिक और दमकल को सूचना दी। दमकल की पहले पांच गाड़िया मौके पर पहुंची, लेकिन आग की स्थिति को देख तीन गाड़िया और मंगाई गई। जो आग बुझाने में जुटी हुई है। आग की वजह से उद्योगपति भीम राणा को करोड़ों का नुकसान हुआ है।