पानीपत। बीमा की राशि हड़पने के लिए दो दोस्तों ने योजना के तहत कार चोरी का झूठा मुकदमा दर्ज करवाया। अब दोनों आरोपी कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहे थे। सीआईए-2 ने गुप्त सूचना के आधार पर उन्हें कार समेत गिरफ्तार कर वीरवार को न्यायलय में पेश कर उन्हें जेल भेज दिया।
सीआईए-2 प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र सिंह ने बताया कि बुधवार को गुप्त सूचना मिली कि हुंडई एजेंसी के सामने रोड पर दो युवक आई-20 कार में बैठे हुए है। कार पर लगी नंबर प्लेट फर्जी होने की आशंका है। दबिश देकर आई-20 कार में बैठे दोनों युवको को काबू कर पूछताछ की तो उन्होंने अपनी पहचान राकेश निवासी देशराज कॉलोनी और विपिन निवासी केशवपुरम दिल्ली के रूप में बताई। कार के कागजात मांगने पर युवक बहाने बाजी करने लगा। गहनता से पूछताछ करने पर आरोपियों ने कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगी होने का खुलासा किया।
पूछताछ में बताया कि विपिन ने 2019 में फाइनेंस पर यह कार खरीदी थी। कर्ज चढ़ने के कारण विपिन ने दोस्त राकेश के साथ मिलकर बीमा कंपनी से रुपये हड़पने के लिए योजना बनाई। फिर राकेश को दो लाख रुपये में कार बेचने के बाद केशवपुरम दिल्ली के क्राइम ब्रांच थाने में कार चोरी का झूठा मुकदमा दर्ज करवा दिया। आरोपी विपिन ने बीमा कंपनी से बीमे की राशि हड़प ली। वहीं दूसरी तरफ आरोपी राकेश 11 लाख रुपये की कार को 2 लाख रुपये में खरीद कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगा वर्ष 2019 से अब तक घूमता रहा। इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया कार बरामद कर थाना सेक्टर-13/17 में धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया ।