पानीपत। सीआईए टू पुलिस टीम ने अलुपुर गांव में खेत में काम कर रहे युवक व उसके दो साथियों से मारपीट व चाकू से हमला करने मामले में पांचवें आरोपी को बुधवार देर शाम भंडारी गांव से गिरफ्तार किया। इस मामले में पुलिस पहले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
सीआईए प्रभारी फूल कुमार ने बताया कि उनकी टीम ने विवेक उर्फ काला को गिरफ्तार है। पूछताछ में आरोपी विवेक ने मामले में पहले पकड़े जा चुके अपने साथी आरोपी अमन निवासी भंडारी, संगम निवासी अलुपुर, विकास उर्फ विक्की निवासी नैन व एक नाबालिग साथी आरोपी के साथ मिलकर प्रिंस, आर्यन व लक्ष्य पर चाकू से हमला करने की वारदात में कबूलनामा किया है। इस मामले में पहले पकड़े जा चुके चारों आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त एक चाकू बरामद किया जा चुका है।
यह है मामला-
थाना मतलौडा में दलबीर निवासी अलूपुर ने पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि 21 जून को उसका भतीजा प्रिंस गांव भंडारी निवासी आर्यन व लक्ष्य के साथ खेत में काम कर रहा था। इसी वक्त गांव निवासी आर्यन व भंडारी गांव निवासी अमन, विवेक उर्फ काला व इनके दो तीन अन्य साथी खेत में आए और सभी ने मिलकर प्रिंस, आर्यन व लक्ष्य के साथ मारपीट की। आरोपी आर्यन ने प्रिंस के सिर में चाकू मारा। चोट माकर सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया था। संवाद