फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हरियाणा : कुरुक्षेत्र में किसानों ने सांसद सैनी की गाड़ी का शीशा तोड़ा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष को बदलना पड़ा रूट

Tue, 06 Apr 2021 04:32 PM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पानीपत/कुरुक्षेत्र (हरियाणा)

सार

  • हरियाणा के पानीपत में भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस का था कार्यक्रम
  • मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे थे प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़
विज्ञापन
पानीपत में प्रदर्शन करते किसान। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

तीन कृषि कानूनों को रद्द कराने की मांग पर अड़े किसान और उनके समर्थकों ने मंगलवार को भाजपा नेताओं का विरोध किया। शाहबाद में प्रदर्शनकारियों ने सांसद नायब सैनी की गाड़ी का शीशा तोड़ा और बोनट पर चढ़कर नारेबाजी की। पानीपत में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ को भी विरोध के चलते अपना रूट बदलकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचना पड़ा। कैथल में भी मंत्री कमलेश ढांडा का विरोध हुआ।  

विज्ञापन


मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे सांसद नायब सिंह सैनी शाहाबाद में भाजपा के एक कार्यकर्ता के घर पहुंचे थे। इसकी भनक भारतीय किसान यूनियन के सदस्यों को लग गई और वे काले झंडे लेकर पहुंच गए। जैसे की सांसद घर से बाहर निकले तो प्रदर्शनकारियों ने उनकी गाड़ी घेर ली। सांसद की गाड़ी का जबरन दरवाजा खोल दिया। 

सांसद गाड़ी से बाहर नहीं निकले। करीब दो मिनट गाड़ी रोकने के बाद चालक धीमी रफ्तार से गाड़ी को आगे बढ़ाने लगा। कुछ प्रदर्शनकारी गाड़ी के बोनट पर चढ़ गए। करीब 50 मीटर तक गाड़ी ऐसे ही चली। तभी प्रदर्शनकारियों ने सांसद की गाड़ी का पिछला शीशा तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची शाहाबाद पुलिस और सुरक्षा बलों की मदद से बमुश्किल प्रदर्शनकारियों को किनारे कर सांसद की गाड़ी को निकाला गया।

विज्ञापन

पानीपत में कार्यक्रम शुरू होने से पहले किसान दोपहर दो बजे कार्यक्रम स्थल के पास काले झंडे लेकर पहुंच गए। किसानों ने रास्ता रोक लिया। इससे प्रदर्शनकारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं में धक्कामुक्की हुई। भाजयुमो जिला अध्यक्ष घायल हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि धक्कामुक्की के दौरान किसी ने उन्हें चाकू मारा है, हालांकि घाव गहरा नहीं हुआ। इसके बाद तनाव की स्थिति बन गई। 

कार्यक्रम स्थल के बाहर पुलिस के आलाधिकारियों के साथ ही कई थानों की पुलिस तैनात कर दी गई। इस बीच करीब पौने चार बजे मुख्यातिथि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। प्रदेशाध्यक्ष को निर्धारित कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए रूट भी बदलना पड़ा। पुलिस ने किसानों को धनखड़ के काफिले तक पहुंचने से रोकने के लिए रोडवेज बस भी खड़ी कर दी गई लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने। पुलिस बल ने बमुश्किल प्रदर्शनकारियों को काबू किया लेकिन किसानों के उग्र तेवर को देखते हुए भाजपा को बाइक रैली स्थगित करनी पड़ी।

सांसद बोले- गुंडागर्दी कर रहे कांग्रेस की खाल में छिपे किसान
सांसद नायब सैनी ने कहा कि शाहाबाद में जिस तरह से गुंडागर्दी मचाई गई, वह सरासर कांग्रेस रूपी किसानों का षड्यंत्र था। सारा मामला पुलिस के संज्ञान में है, जो भी गलत काम करेगा, कानून उसके खिलाफ कार्रवाई जरूर होगी।
विज्ञापन

सांसद के खिलाफ देंगे पुलिस में शिकायत : जसबीर सिंह 

किसान नेता जसबीर सिंह मामूमाजरा ने कहा है कि संयुक्त किसान मोर्चे ने पहले से घोषणा कर रखी है कि कोई भी विधायक या मंत्री शहर में कहीं भी आएगा तो किसान उनका घेराव कर विरोध करेंगे। सांसद नायब सैनी के खिलाफ पुलिस में शिकायत करेंगे कि इस तरह शहर में घुसकर माहौल खराब करने का काम किया है। आंदोलन के कारण किसान गुस्से में हैं और ऐसे में कुछ होता है तो जिम्मेदारी सरकार के नेताओं की होगी।

हमने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया, भाजपा कार्यकर्ताओं ने उकसाया
किसान नेता सुधीर जाखड़ ने कहा कि वे सिर्फ शांतिपूर्ण ढंग से विरोध प्रदर्शन करना चाहते हैं, जबकि पार्टी के लोग उन्हें उकसाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे कोई विवाद नहीं चाहते, क्योंकि सरकार यही चाहती है कि किसान विवाद करें और उनको बदनाम करने का अवसर मिले। किसान नेताओं ने कहा कि देश के कई राज्यों में हुए चुनाव के 2 से 6 मई तक परिणाम घोषित होने जा रहे हैं। इसके चलते भाजपा बार-बार प्रदेश में कार्यक्रम कर किसानों को उकसाने का प्रयास कर रही है।

खेल मंत्री के भाई का टीकरी में विरोध
पिहोवा कस्बे के गांव टीकरी में खेल मंत्री संदीप सिंह के भाई लेफ्टिनेंट बिक्रमजीत सिंह को भी किसानों के विरोध का सामना करना पड़ा। बिक्रमजीत सिंह गांव टीकरी में भाजपा के स्थापना दिवस पर ध्वजारोहण करने पहुंचे थे। मामले की भनक लगते ही 150-200 किसान काले झंडे लेकर मौके पर पहुंच गए। यहां किसानों ने करीब एक घंटा जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों के प्रदर्शन की सूचना पाकर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा तथा बिक्रमजीत को गाड़ी में बैठाकर रवाना किया।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें