पानीपत। जिले के किसानों का उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश की शुगर मिल में करीब 32 करोड़ रुपये बकाया है। 16 करोड़ रुपये उत्तर प्रदेश और इतना ही उत्तराखंड से गन्ने का भुगतान मिलना है। इस भुगतान को जल्द से जल्द कराने और महापंचायत को सफल बनाने के लिए जिले के किसान वीरवार को कलायत पहुंचेंगे।
किसानों ने भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत से गन्ने का भुगतान कराने की मांग रखी थी। इस पर राकेश टिकैत ने सरकार से बात कर भुगतान कराने का आश्वासन दिया था। किसान गन्ने का भुगतान नहीं मिलने से परेशान हैं। किसान शनिवार को कलायत में आयोजित महापंचायत में टिकैत से मिलकर गन्ने का भुगतान दिलवाने की बात रखेंगे।
वर्ष 2016 से बाकी है गन्ने का भुगतान
उत्तराखंड की इकबालपुर शुगर मिल में जिले के किसानों ने 2016 में गन्रा बेचा था। जिसका भुगतान पांच साल बाद भी सभी किसानों को नहीं मिला है। 250 किसानों का 16 करोड़ रुपये का भुगतान अटका है। इतना ही भुगतान उत्तर प्रदेश की शुगर को भी करना है। किसानों का कहना है कि यदि गन्ने का भुगतान नहीं मिला तो 14 फरवरी के बाद धरना प्रदर्शन शुरू करेंगे।
कलायत महापंचायत में शामिल होने के लिए सोनू ने की बैठक
कलायत महापंचायत में शामिल होने व गन्ने की भुगतान के लिए भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रधान सोनू मालपुरिया ने शुक्रवार को जिले के अलग अलग ब्लॉक में जागरूकता बैठक की। किसानों को कलायत महापंचायत में शामिल होकर अपनी गन्ने की भुगतान निकलवाने के बारे में योजना बनाई। जिसमें उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में चुनाव के कारण वहां कि सरकार भुगतान नहीं करवा पाई है। यदि सरकार भुगतान नहीं करवाती है तो जिले के किसान धरना प्रदर्शन फिर से शुरू करेंगे।