पानीपत। रिफाइनरी रोड पर बड़ौली गांव के पास मोटरसाइकिल सवार किसान की एक अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। अज्ञात वाहन चालक वहां से से फरार हो गया। सदर थाना पुलिस ने मृतक किसान के भाई के बयान के आधार पर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक पर केस दर्ज कर लिया है। बड़ौली गांव निवासी दलबीर सिंह ने बताया कि उसका भाई तेजबीर (57) पेशे से किसान था। वह रविवार सुबह 10 बजे रिफाइनरी रोड के पास स्थित खेत में जा रहा था। वह भी उसके पीछे पीछे खेत में जा रहा था। जब तेजबीर रिफाइनरी रोड पर पहुंचा तो अज्ञात वाहन चालक ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। अज्ञात वाहन चालक यहां से फरार हो गया।
वह गंभीर रूप से घायल तेजबीर को राहगीरों की मदद से टोल प्लाजा के पास निजी अस्पताल में लेकर पहुंचा, जहां सिर में लगी गंभीर चोट से इलाज के दौरान तेजबीर की मौत हो गई। उसकी पुलिस से मांग है कि जल्द आरोपी अज्ञात वाहन चालक का पता लगाकर उस पर कार्रवाई की जाए।