संवाद न्यूज एजेंसी
सनौली। सनौली थाना क्षेत्र के कुराड़ फॉर्म के पास कंबल फैक्टरी में काम करते हुए महिला श्रमिक की मौत के मामले में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। जिससे गुस्साए परिजनों ने सनौली थाने पर पहुंचकर गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने चार दिन में कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन वापस लौट गए।
शनिवार दोपहर को गांव सनौली खुर्द निवासी केला देवी (52) गांव कुराड फार्म में कंबली फैक्टरी में काम कर रही थीं। उसी समय ट्रैक्टर की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई थी। परिजनों ने फैक्टरी के मालिक और ट्रैक्टर चालक के खिलाफ थाना सनौली में मुकदमा दर्ज किया था। मृतक महिला के भाई सुल्तान व बेटे सुनील ने वीरवार को थाने पर पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। जिस पर थाना प्रभारी वेदपाल ने चार दिन में कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। थाना प्रभारी ने कहा कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।