आरोपी को कोर्ट में किया जाएगा पेश
आरोपी को गुरुवार को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। जांच में पता चला है कि आरोपी ने करनाल के एक युवक को विदेश भेजने के नाम पर 12 लाख रुपये ठगे थे। इसका केस रामनगर थाने में दर्ज है। डीएसपी मुख्यालय सतीश वत्स ने बुधवार को जिला पुलिस मुख्यालय में मामले का पटाक्षेप किया। उन्होंने बताया कि 15 मार्च 2025 को दत्ता कॉलोनी निवासी अमित शर्मा ने थाना पुराना औद्योगिक में केस दर्ज कराया था। उनका कहना है कि उनका एवी सिक्योरिटी सर्विस के नाम से मॉडल टाउन में कार्यालय है। वह सिक्योरिटी के लिए मैनपावर उपलब्ध कराते हैं।
जाटल रोड नहर के पास स्थित कार वर्ल्ड पर वह अपनी कार की सर्विस कराने के लिए गया था। जहां पर उसकी मुलाकात सुमित आहूजा व उसकी पत्नी तनवीर संधू से हुई थी। सुमित ने खुद को डीएसपी बताया था और कहा था कि उसकी तैनाती इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो पंचकूला में है। साथ ही पत्नी तनवीर को पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में कार्यरत बताया था। उनका पांच जनवरी 2025 को बचत खाता बंद हो गया जिस पर उसने सुमित आहूजा से संपर्क किया। सुमित ने खाते को सुचारू कराने की बात कही। इसके लिए उसने 40 हजार रुपये लिए।
यूनिवर्सिटी के निदेशक को बताया था परिवार का आदमी
सुमित आहूजा ने 14 जनवरी 2025 को अमित को फोन कर कहा पंजाब यूनिवर्सिटी में सिक्योरिटी में चार हजार लोगों का टेंडर आया है। यूनिवर्सिटी के निदेशक उसके परिवार का आदमी है। वह उसको सिक्योरिटी का टेंडर दिला देगा। टेंडर की बात करने के लिए वह उसे अपने साथ चंडीगढ़ ले गया। उसे गाड़ी में बैठाकर खुद अंदर गया और 11 लाख रुपये में बात पक्की होने की बात कही। उसी दिन अमित ने पानीपत पहुंचकर 7.50 लाख और अगले दिन 3.50 लाख रुपये सुमित को दिए। जब टेंडर के बारे में पूछा तो उसने कोई ठोस जवाब नहीं दिया जिसके बाद अमित ने पुराना औद्योगिक थाने में केस दर्ज करवाया था। तत्कालीन एसपी ने इस मामले की जांच सीआईए-2 की टीम को सौंपी थी। बुधवार को पुलिस पुलिस ने मॉडल टाउन थाना क्षेत्र से ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। सुमित आहूजा की पत्नी पहले ही इस मामले में हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत ले ली थी। आठ अप्रैल को केस में शामिल जांच कर उसके बयान दर्ज किए गए थे।
किराये के मकान में रहता था सुमित
डीएसपी ने बताया कि आरोपी सुमित आहूजा हाईप्रोफाइल तरीके से रहता था। वह बात भी अधिकारियों की तरह ही करता था। मॉडल टाउन में भी उसने खुद को अधिकारी बताया था। जब पुलिस मामले की जांच करने उसके घर पर पहुंची तो पता चला कि वह किराये के मकान में रहता है।
ये भी पढ़ें: दामाद की अय्याशी: पहले सास ने दी जान, फिर गर्भवती पत्नी ने भी मौत को लगाया गले, हरियाणा की चौंकाने वाली घटना