पानीपत। सेक्टर-25-टू में मंगलवार दोपहर बाद करीब दो बजे मरम्मत के समय फैक्टरी के लिंटर का एक हिस्से गिरने से चार श्रमिक घायल हो गए। आस-पास की फैक्टरियों के श्रमिकों ने सबको मलबे से निकाला। घायल को सेक्टर-11-12 स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पर उनकी हालत गंभीर है।
उधर, हादसे की सूचना पर पानीपत तहसील के नायब तहसीलदार सौरभ शर्मा, थाना चांदनीबाग पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फैक्टरी मालिक से भी जानकारी ली। पुलिस ने अस्पताल में पहुंचकर घायल श्रमिकों के बयान दर्ज किए। थाना सेक्टर-25 पार्ट टू में प्लॉट नंबर 56 में एक फैक्टरी काफी समय से बंद है। करीब दो माह पहले टेक्सटाइल कारोबारी अभिनव ने फैक्टरी को खरीद लिया था। जिसके बाद वह फैक्टरी की मरम्मत करा रहे थे। इसके लिए बाबू ठेकेदार को पीछे के हिस्से में बने कमरे को तोड़ने का ठेका दिया था। मंगलवार को श्रमिक तारिक व कादिर निवासी हाली कॉलोनी अपने अन्य साथियों के साथ कमरे की छत तोड़ रहे थे।
दोपहर को खाना खाने के बाद वह छत तोड़ने लगे तो अचानक पूरी छत गिर गई। जिससे दोनों मलबे में दब गए। छत गिरने से बराबर वाली फैक्टरी की भी दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। जिससे उस फैक्टरी में काम कर रहे दो श्रमिक घायल हो गए। साथी श्रमिकों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को सेक्टर-11-12 में स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर उनका उपचार चल रहा है। उधर हादसे की सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों में भी खलबली मच गई। तुरंत ही पानीपत तहसील के नायब तहसीलदार सौरभ शर्मा और चांदनीबाग थाना प्रभारी महिपाल टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। टीम ने घटना स्थल पर मौजूद श्रमिकों से घटना की जानकारी ली और फैक्टरी के मालिक से भी बात की।