पानीपत। पीएम श्री स्कूलों में शिक्षा ग्रहण करने वाले विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें, इसके लिए शिक्षा विभाग गंभीरता से कार्य कर रहा है। पीएम श्री स्कूलों में सुविधाएं बढ़ाने के लिए शिक्षा विभाग ने अब बजट जारी किया है। जिले के छह पीएम श्री स्कूलों के लिए करीब 27 लाख रुपये का बजट जारी किया गया है।
इस राशि को स्कूलों में सुविधाएं बढ़ाने, फायर सेफ्टी उपकरण खरीदने और विद्यार्थियों के पहचान पत्र बनवाने पर खर्च किया जाएगा। शिक्षा विभाग की ओर से सभी खंडों में पीएम श्री स्कूल बनाए गए हैं। जिले के सभी छह खंडों में एक-एक राजकीय स्कूल को पीएम श्री का दर्जा दिया जा चुका है जबकि जिले में कुल 12 पीएम श्री स्कूल बनाए जाने हैं। अधिकारियों का कहना है कि मुख्यालय से मंजूरी मिलने के बाद उन स्कूलों को भी पीएम श्री स्कूल का दर्जा दे दिया जाएगा। पीएम श्री स्कूलों में सीबीएसई पैटर्न से पढ़ाई होगी। इन स्कूलों में विद्यार्थियों को अत्याधुनिक लैब, आधारभूत संरचना के साथ बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
सरकार का प्रयास है कि विद्यार्थी पीएम श्री स्कूलों की तरफ आकर्षित हो सकें, इसके लिए इन स्कूलों में सुविधाओं के साथ सुंदरीकरण को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके लिए सभी स्कूलों में सेल्फी प्वाइंट बनाने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि सेल्फी प्वाइंट बनवाने पर आने वाला खर्च स्कूल ग्रांट से ही वहन करना होगा।
सूत्रों के अनुसार विभाग की ओर से हालांकि बजट जारी किया जा चुका है लेकिन यह बजट सीधे तौर पर न देकर डीपीसी के माध्यम से दिया जाएगा। इसके लिए डीपीसी की ओर से पीएम श्री अकाउंट बनाया जाएगा जिसके बाद संबंधित स्कूलों को जारी किया जाएगा। डीपीसी की ओर से पीएम श्री अकाउंट खोले जाने की प्रक्रिया जारी है।
बॉक्स
छात्र संख्या के अनुसार जारी होगा बजट
शिक्षा विभाग ने छात्र संख्या के अनुसार बजट जारी करने के निर्देश दिए हैं। एक हजार से अधिक संख्या वाले स्कूलों में सिविल वर्क के लिए डेढ़-डेढ़ लाख रुपये और एक हजार से कम संख्या वाले स्कूलों को एक लाख रुपये का बजट जारी किया गया है। वहीं, सिविल वर्क, फायर सेफ्टी वर्क तथा स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए पहचान पत्र बनाने के लिए डिमांड अनुसार बजट निर्धारित होगा।
बॉक्स
पानीपत जिले के पीएम श्री स्कूल-
राजकीय वमा विद्यालय, पसीनां खुर्द।
राजकीय वमा विद्यालय, छाजपुर कलां।
राजकीय वमा विद्यालय, डाहर।
राजकीय कन्या वमा विद्यालय, उरलाना कलां।
राजकीय वमा विद्यालय, जाटल।
राजकीय वमा विद्यालय, पावटी।
वर्जन-
जिले में बनाए गए छह पीएम श्री स्कूलों में सुविधाएं बढ़ाने के लिए बजट जारी किया गया है। जिसका प्रयोग सिविल वर्क, फायर सेफ्टी व पहचान पत्र बनवाने के लिए किया जाना है। स्कूलों में सेल्फी प्वाइंट भी बनाने के निर्देश दिए हैं।
- कुलभूषण जैन, सहायक परियोजना समन्वयक, पानीपत।