पानीपत। प्रदेश सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई लाडो लक्ष्मी योजना के तहत पढ़ी-लिखी पात्र महिलाएं स्वयं ही ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। सरकार ने इसके लिए आधिकारिक पोर्टल की सुविधा उपलब्ध कराई है ताकि महिलाएं घर बैठे ही आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकें। पढ़ी-लिखी महिलाएं अपने जरूरी दस्तावेज अपलोड करके आसानी से आवेदन कर सकती हैं। जो महिलाएं स्वयं आवेदन नहीं कर सकतीं, वे सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) पर जाकर भी ऑनलाइन आवेदन करवा सकती हैं।
ये दस्तावेज जरूरी
योजना के लिए आवेदन करते समय कुछ जरूरी दस्तावेजों की आवश्यकता होती है। इनमें आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र (पीपीपी), बैंक खाते की पासबुक, निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो और मोबाइल नंबर शामिल हैं। इन दस्तावेजों के आधार पर ही आवेदन की प्रक्रिया पूरी की जाती है।
यहां कर सकते हैं शिकायत
क्रीड़ा विभाग अधिकारी डॉ. सोमपाल ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन करने के लिए सरकार की आधिकारिक वेबसाइट https://socialjusticehry.gov.in/deen-dayal-lado-lakshmi-yojana-ddlly/ है। इसी पर आवेदन किया जा सकता है। वेबसाइट पर योजना से संबंधित पूरी जानकारी भी है। आवेदन करते समय महिला को अपने जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होते हैं, इसके अलावा दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना ऐप मोबाइल में डाउनलोड कर उससे भी आवेदन कर सकते हैं। यदि आवेदन करते समय किसी भी महिला को किसी प्रकार की परेशानी आती है तो वह संबंधित विभाग में आकर जानकारी प्राप्त कर सकती हैं। इसके अलावा 1800 180 2231 पर फोन कर जानकारी ले सकती है।