पानीपत। मैडम मेरी मर्जी के खिलाफ 16 साल की उम्र में मेरी शादी कर दी गई। अब मेरी उम्र 21 साल है और ढाई साल की बेटी है। पति मुझे छोड़कर विदेश चला गया, मैं क्या करुं? पानीपत में राज्य महिला आयोग के सामने करनाल की युवती ने अपनी व्यथा सुनाई तो चेयरपर्सन रेणू भाटिया ने तुरंत कार्रवाई को कहा।
करनाल पुलिस को महिला के पति को वापस लाने को कहा। जनसुनवाई में 40 शिकायत आईं, इनमें से चार शिकायत कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की रही। पानीपत की एक युवती ने स्वास्थ्य विभाग के एक डॉक्टर पर जांच के बहाने उत्पीड़न करने के आरोप लगाए। राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणू भाटिया ने शुक्रवार को जिला सचिवालय में शिकायत से सुकून तक कार्यक्रम के तहत जनसुनवाई की। पानीपत की 20 शिकायतों में सात का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।