इसराना। बिजली निगम के कर्मचारियों ने बुधवार को एसडीओ के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि एसडीओ कार्यालय की ओर से उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। प्रदर्शन की अध्यक्षता यूनियन के सब यूनिट उपप्रधान महेंद्र सिंह ने की। संचालन सब यूनिट सचिव प्रदीप मलिक ने किया।
प्रदर्शन के दौरान सब अर्बन यूनिट सचिव राजेंद्र नैन ने कहा कि उनकी मांग कर्मचारियों की फील्ड में ड्यूटी लगाने की है। उपभोक्ताओं की मांगों को देखते हुए कर्मचारियों की फील्ड में ड्यूटी होनी चाहिए। पैड़ी सीजन शुरू होने पर कर्मचारियों को हादसों से बचने के लिए टीएंडपी दिलाई जाए। कार्यालय परिसर में कर्मचारियों के लिए पेयजल और स्वच्छ शौचालय की व्यवस्था कराई जाए। सभी केंद्रों पर एक-एक कर्मचारी हैं, उनके लिए अलग से एक-एक सहयोगी लगाया जाए। ट्यूबवेल कनेक्शन के लिए ठेकेदार जो काम कर रहा है, उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। इस मौके पर महेंद्र सिंह, प्रदीप मलिक, सुनील सैनी, वीरेंद्र, जयबीर, नीरज कुंडू, कुलदीप और दिनेश मौजूद रहे।