पानीपत। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आठ नवंबर को जिला राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बनने जा रहा है। इस दिन दोपहर बाद तीन बजे ग्वालाड़ा से किवाना गांव तक तक भव्य एकता यात्रा निकाली जाएगी। जिसे केंद्रीय कैबिनेट मंत्री मनोहर लाल झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने इसके लिए सोमवार को बीजेपी जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट के साथ सचिवालय सभागार में संयुक्त बैठक की तैयारी को लेकर समीक्षा की और संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उपायुक्त डॉ. दहिया ने कहा कि यह विशेष यात्रा सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता और अखंडता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी।
उन्होंने कहा कि इस यात्रा को सफल बनाने को लेकर शिक्षा विभाग को विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा एसडीएम समालखा अमित कुमार और एसडीएम इसराना नवदीप नैन को यात्रा की सफलता सुनिश्चित करने को लेकर आस पास के सभी सरपंचों से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। नेहरू युवा केंद्र को यात्रा में भाग लेने वाले विद्यार्थियों के लिए टी शर्ट और तिरंगे झंडे की व्यवस्था करने की निर्देश दिए गए। पुलिस विभाग को सुरक्षा और ट्रैफिक कंट्रोल की जिम्मेदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय मलिक को एंबुलेंस की व्यवस्था करने को लेकर जिम्मेदारी सौंपी गई। इस मौके पर एडीसी डॉ. पंकज, एसडीएम समालखा अमित कुमार , एसडीएम इसराना नवदीप नैन डीएम, सीएमओ डाॅ. विजय मलिक व आरटीओ डॉ. नीरज जिंदल मौजूद रहे।