पानीपत। सीआईए वन पुलिस टीम ने सेक्टर 18 में निजामपुर पुलिया के पास एक युवक को दो देसी पिस्तौल व एक गोली सहित पकड़ा है। आरोपी डाहर निवासी कौशल का दोस्त है। कौशल को हाल में सब इंस्पेक्टर पर गोली चलाने व रंगदारी के मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है। अब पकड़े गए आरोपी की पहचान विपिन निवासी सनौली खुर्द के रूप में हुई।
सीआईए वन प्रभारी दीपक ने बताया कि वीरवार को सीआईए वन पुलिस की एक टीम गश्त के दौरान सेक्टर 18 में निजामपुर पुलिया के पास मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस टीम को पुलिया की ओर से एक संदिग्ध युवक आते हुए दिखाई दिया। युवक पास आने पर सामने खड़ी पुलिस टीम को देखकर एकदम से वापस मुड़कर तेज कदमों से चलने लगा। टीम ने युवक को पकड़ लिया। उसकी पहचान विपिन निवासी सनौली खुर्द के रूप में हुई।
तलाशी लेने पर उसके पास दो पिस्तौल व एक गोली मिली। आरोपी दीपक पूछताछ में बताया कि उसको हथियार रखने का शौक है। उसकी करीब दो साल से डाहर निवासी कौशल के साथ दोस्ती है। हथियार रखने का शौक पूरा करने के लिए उसने कुछ दिन पहले एक देसी पिस्तौल व गोली कौशल से उधार में खरीदी था एक देसी पिस्तौल कौशल के दोस्त अरविंद निवासी डिडवाड़ी से 15 हजार रुपये में खरीदी थी।