पानीपत। हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड जल्द ही सीनियर सेकेंडरी परीक्षा कक्षा 12वीं का परिणाम घोषित करेगा। बोर्ड ने इसके लिए तैयारी तेज कर दी है। परिणाम तैयार करने के लिए संबंधित स्कूलों से उम्मीदवारों का विवरण और प्राप्त अंकों का विवरण एकत्र किया जा रहा है। संभावना है कि परिणाम जुलाई के दूसरे या तीसरे सप्ताह में घोषित किया जाएगा। बोर्ड ने परिणाम तैयार करवाने की प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू कर दी है।
बोर्ड के अनुसार, 12वीं कक्षा की परीक्षा मार्च-अप्रैल-2021 में होनी थी, इसका परिणाम तैयार करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ऐसे परीक्षार्थियों की सूची विद्यालयों की ई-मेल पर भेजकर डाटा मांगा जा रहा है। संबंधित विद्यालयों द्वारा इन परीक्षार्थियों के 11वीं कक्षा में विषयवार प्राप्त अंकों सहित कुल अंक दर्ज किए जाने हैं। सूचना समय रहते पूर्ण रूप से सही व दुरुस्त दर्ज करने के बाद जल्द परिणाम तैयार करने का प्रयास किया जाएगा।
शिक्षा अधिकारियों के अनुसार, स्कूलों को बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर 28 जून से 6 जुलाई तक आधिकारिक लॉगिन आईडी और पासवर्ड का उपयोग करके छात्रों के अंक अपलोड करने होंगे। माध्यमिक छात्रों की लिस्ट जिनका अभिलेख विद्यालयों के द्वारा अपलोड किया जाना है, विद्यालयों के ई-मेल पर भेजी जा रही है। संबंधित विद्यालयों को माध्यमिक कक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थी का वर्ष, सत्र, क्रमांक तथा जिले एवं विद्यालय का नाम अभिलेखित करना होगा।
अन्य राज्यों के संबंधित स्कूलों को भी भेजी जाएगी लिस्ट
शिक्षा अधिकारियों के अनुसार अन्य राज्यों से 10वीं पास करने वाले ऐसे उम्मीदवारों की लिस्ट भी संबंधित स्कूलों के ई-मेल पर भेजी जा रही है। ऐसे उम्मीदवार का सेकेंडरी क्लास पास सर्टिफिकेट (ग्रेडिंग, ग्रेड मार्क्स टेबल के साथ) अपलोड किया गया है। पास होने का वर्ष, सत्र, क्रमांक एवं राज्य बोर्ड के नाम के साथ-साथ विद्यालयों को माध्यमिक कक्षा में प्राप्त कुल अंकों की विषयवार जानकारी भी प्रस्तुत करनी होती है।
11वीं के अंकों को भी करना होगा शामिल
स्कूलों को कुल अंकों में छात्रों द्वारा प्राप्त कक्षा 11वीं के अंकों को शामिल करना होगा। विद्यालय की भेजी ऑनलाइन सूचना को ही अंतिम व निर्णायक माना जाएगा। किसी भी प्रकार की त्रुटि के लिए विद्यालय स्वयं जिम्मेदार होगा तथा ऐसे विद्यालयों के विरुद्ध संबद्धता नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी। किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या के लिए स्कूल 01664-254300 और 254309 पर संपर्क कर सकते हैं।
हरियाणा बोर्ड का 12वीं का परीक्षा परिणाम जुलाई के दूसरे या तीसरे सप्ताह में घोषित किया जा सकता है। किसी भी प्रकार की गलती को सुधारने का कोई अतिरिक्त अवसर विद्यालयों को नहीं दिया जाएगा। जिन परीक्षार्थियों का रिकार्ड विद्यालयों द्वारा अपलोड किया जाना है, उनकी सूची विद्यालयों की ईमेल पर भेजी गई हैं।
- रमेश कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी, पानीपत।