गांव पावटी में संदिग्ध परिस्थितियों में इको चालक का खून से लथपथ शव घर से कुछ दूरी पर गली में पड़ा मिला था। उसके बेटे और पत्नी ही उसके हत्यारे निकले। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। वीरवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
एसएचओ नरेंद्र कुमार ने बताया कि पावटी निवासी नरेश (41) की पत्नी ने ही बेटे के साथ मिलकर उसकी हत्या की है। हत्या का कारण शराब पीकर पत्नी को मारा जाना सामने आया है। नरेश का बेटा नरेला में परिवार सहित रहता है।
नरेश इको चलाने का काम करता था। सोमवार की रात करीब साढ़े आठ बजे घर पहुंचा है और रात करीब 11 बजे फिर से घर से निकल गया। सुबह करीब चार बजे उसका शव घर से करीब पचास मीटर दूरी पर मिला था। ग्रामीण ने इसकी सूचना परिजनों को दी थी। उसके माथे पर चोट का निशान था और कान से खून निकल रहा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मुंह दबाकर हत्या करना सामने आया। पुलिस ने शक के आधार पर बेटे रितेश और पत्नी रुचि से पूछताछ शुरू की। दोनों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।