पानीपत। पुलिस की सीआईए-थ्री टीम ने सेक्टर 13/17 में हेलीपैड के पास नशा तस्कर को 22.35 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस रिमांड के दौरान नशा सप्लायर के ठिकानों का पता लगाने का प्रयास करेगी।
सीआईए थ्री प्रभारी विजय ने बताया कि उनकी एक टीम शुक्रवार को गश्त व जांच पड़ताल के दौरान टोल टैक्स के पास थी। टीम को गुप्त सूचना मिली कि पुराना जगन्नाथ विहार का आर्यन मादक पदार्थ बेचने का अवैध काम करता है। वह सेक्टर 13/17 में हेलीपैड के पास खड़ा है। जिसके पास नशीला पदार्थ होने की संभावना है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर युवक से पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान आर्यन निवासी पुराना जगन्नाथ विहार के रूप में बताई। पुलिस टीम ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट ईटीओ सतपाल की मौजूदगी में उसकी तलाशी ली। उससे 22.35 ग्राम हेरोइन बरामद की। उसने पूछताछ में बताया वह नशा करने का आदी है। वह नशे की लत पूरी करने व नशीला पदार्थ बेचकर शार्टकट तरीके से पैसे कमाना चाहता है। उसने तीन दिन पहले पंजाब के लुधियाना में एक युवक से 25 ग्राम हेरोइन खरीद कर लाया था। उसमें से कुछ हेरोइन स्वयं नशा करने में खर्च कर दी। आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया वह बची हेरोइन को लेकर बेचने के लिए शुक्रवार को सेक्टर 13/17 में हेलीपैड के पास ग्राहक की फिराक में आया था। पुलिस ने आरोपी को शनिवार को न्यायालय में पेश किया।