पानीपत। पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने देशराज कॉलोनी में मोटरसाइकिल सवार एक मादक तस्कर को 700 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ये गांजा 25 दिन पहले शामली से एक युवक से आठ हजार रुपये में खरीदकर लाया था। पुलिस ने आरोपी पर केस दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया जहां से उसको बेल मिल गई।
एंटी नारकोटिक्स सेल इंचार्ज सब इंस्पेक्टर संदीप ने बताया कि उनकी टीम शनिवार को गश्त के दौरान देशराज कॉलोनी में डीएम स्कूल के पास मौजूद थी। इस दौरान उन्हें सूचना मिली थी कि एक युवक कुछ देर में स्कूल के सामने वाली गली में जाएगा। उसके पास मादक पदार्थ होने की आशंका है। उनकी टीम ने स्कूल के पास नाकाबंदी कर। कुछ देर बाद एक युवक मोटरसाइकिल पर आया। उन्होंने उसको रोककर हिरासत में लिया गया। आरोपी की पहचान शाहिद निवासी बेरी वाली मस्जिद , हनुमान कॉलोनी के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास 700 ग्राम गांजा मिला। उसने पूछताछ में बताया कि वह ये गांजा 25 दिन पहले यूपी के शामली से एक अज्ञात युवक से आठ हजार रुपये में खरीदकर लाया था। वह इस गांजे को यहां बेचने की फिराक में था।