पानीपत। एमटीपी किट के मामले में फरार चल रही आरोपी दाई की मुश्किलें और बढ़ गईं हैं। एफआईआर दर्ज होने के बाद अब ड्रग कंट्रोलर ने नोटिस भेजा है। बिना लाइसेंस एमटीपी किट बेचने पर ड्रग एक्ट के तहत यह कार्रवाई की गई है।
एक सप्ताह पहले स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शहर में बेरी वाली मस्जिद के पास छापा मारा था। जहां पर टीम ने जरीना दाई को एमटीपी किट बेचते पाया था। जैसे ही टीम उसे पकड़ने लगी तो वह भाग गई। महिला के खिलाफ थाना किला में केस दर्ज कराया गया। इसके बाद से ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम आरोपी महिला को तलाश कर रही है। लेकिन उसका सुराग अभी तक नहीं लगा है।
कार्रवाई के दौरान टीम में ड्रग कंट्रोलर विजय राजे भी शामिल थीं। अब उन्होंने भी आरोपी महिला के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी महिला को विभाग की ओर से नोटिस भेजा गया है। जिसमें कहा गया है कि बिना लाइसेंस एमटीपी किट खरीदने और बेचना प्रतिबंधित है। इसके बावजूद भी वह किट कहां से लेकर आईं। ड्रग कंट्रोलर विजय राजे ने बताया कि पंजीकृत डाक के माध्यम से आरोपी महिला के घर पर नोटिस भेजा गया है। जवाब आने के बाद ड्रग एक्ट में भी आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।