पानीपत। श्री अवध धाम हनुमंत जन्मोत्सव समिति द्वारा हनुमान जन्मोत्सव पर दो अप्रैल को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके लिए समिति ने सोमवार को शहर में विभिन्न स्थानों पर बैठक की और बताया कि इस बार श्रद्धालुओं पर ड्रोन से फूलों और रथ से इत्र वर्षा की जाएगी।
यात्रा में 101 हनुमान स्वरूप भाग लेंगे। सुरेश काबरा ने बताया कि शोभायात्रा में लगभग एक लाख श्रद्धालु आने की उम्मीद है। पूरे पानीपत को इस यात्रा के साथ जोड़ने का काम किया जा रहा है। यात्रा में 101 हनुमान स्वरूप हनुमान रथ के साथ-साथ पद यात्रा करेंगे।
श्री अवध धाम हनुमंत जन्मोत्सव समिति के सह-संयोजक पूर्व पार्षद सुरेंद्र गर्ग और सुरेश काबरा ने बताया कि यात्रा देवी मंदिर से शुरू होगी और शुभारंभ के समय रथ से इत्र वर्षा और ड्रोन से पुष्प वर्षा की जाएगी। चांद भाटिया ने कहा कि पानीपत हनुमान स्वरूपों से एक अलग ही अपनी पहचान रखता है। इस अवसर पर मेयर पति दिनेश सैनी, महेश थारेजा, प्रीतम गुर्जर, विशाल वर्मा, मुख्य संयोजक संजय अग्रवाल, मुनीश जैन, पार्षद अजय शर्मा उपस्थित रहे।