पानीपत। सीएम फ्लाइंग की टीम ने शुक्रवार को जिला राजस्व अधिकारी कार्यालय का निरीक्षण किया। औचक निरीक्षण के दौरान कार्यालय के चार कर्मचारी गैर हाजिर पाए गए। नकल शाखा में 176 नकल आवेदन विभिन्न कार्यालयों से फाइल प्राप्त न होने के कारण लंबित पाए गए। नकल शाखा का स्टाफ गैर हाजिर होने के कारण लंबित कारणों का पता नहीं चल सका। कार्यालय की किसी भी शाखा में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे होने मिले। आमजन व कर्मचारियों के लिए कार्यालय में स्वच्छ पानी पीने का कोई प्रबंध नहीं मिला। यहां बैठने के भी कोई भी इंतजाम नहीं मिले। किसानों को क्षतिपूर्ति पोर्टल पर पंजीकरण करने उपरांत दिए जाने वाले लाभ बारे कोई भी बैनर या पोस्टर नहीं लगा होना पाया गया। टीम में उप-निरिक्षक राज सिंह, सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार ने अनियमितता मिलने की गुप्त सूचना पर शुक्रवार सुबह यह कार्रवाई की।
जिला राजस्व अधिकारी रणविजय सुल्तानिया उस समय जन समाधान शिविर में गए हुए थे। इसके बाद टीम ने कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। यहां 37 में से नियमित कर्मचारी-28 और कौशल रोजगार के नौ हैं। जिनमें से 27 कर्मचारी हाजिर व छह कर्मचारी अवकाश और चार कर्मचारी गैर हाजिर पाए गए।