संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। शनिवार को दिन में कभी बूंदाबांदी तो कभी धूप निकली, वहीं शाम को बारिश हुई। पानीपत व इसराना में पांच-पांच एमएम व मतलौडा में चार एमएम बारिश हुई। मौसम विशेषज्ञ ने रविवार को भी बारिश की संभावना जताई है। शनिवार सुबह आसमान साफ रहा। दोपहर 12 बजे बूंदाबांदी हुई।
कुछ देर धूप निकली फिर शाम छह बजे बारिश शुरू हो गई। करीब 15 मिनट की बारिश से गर्मी से राहत मिली। अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा की रफ्तार 11 किलोमीटर प्रति घंटा रही जिससे गर्मी से राहत मिली। उग्राखेड़ी निवासी दिलबाग मलिक ने बताया कि बारिश से जगह-जगह बने गड्ढों में पानी भर गया है जिससे मच्छर पनपने लगे हैं और डेंगू-मलेरिया के केस बढ़ने लगे हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग लोगों को डेंगू-मलेरिया से बचने व रोकथाम के उपाय बताकर जागरूक कर रहा है ताकि लोगों को स्वास्थ्य हानि से बचाया जा सके। वहीं इस समय की बारिश किसानों के लिए वरदान साबित हो रही है जिससे किसानों के चेहरे खिले हैं। कृषि विज्ञान केंद्र उझा के मौसम विशेषज्ञ डॉ. आशीष ने बताया कि रविवार को बारिश की संभावना है।