संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। लोकनायक जयप्रकाश जिला नागरिक अस्पताल के चिकित्सकों, नर्स, लैब टेक्नीशियन सहित तमाम कर्मचारियों ने जियो फेसिंग ऐप के विराेध में सोमवार सुबह 10 से 11 बजे तक एक घंटे तक काम बंद रखकर सांकेतिक विरोध दर्ज करवाया।
इस दौरान सभी स्वास्थ्य व्यवस्था बाधित रही। ओपीडी के लिए आए मरीज चिकित्सकों के इंतजार में बाहर खड़े रहे। जब हड़ताल खत्म हुई तो चिकित्सकों के कमरों के बाहर काफी भीड़ लग गई।
जानकारी के अनुसार सोमवार को आम दिनों की तुलना में काफी अधिक भीड़ होती है। ऐसे में अस्पताल में एक घंटा ओपीडी बंद रहने के कारण मरीजों को उपचार नहीं मिल सका जिससे मरीज ओपीडी के बाहर एक घंटे तक उपचार के लिए बरामदे में इंतजार करते रहे। 11 बजे चिकित्सकों ने ओपीडी में आए मरीजों का उपचार शुरू किया। अस्पताल में आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर बाकी सारी सेवाएं बंद रही।
चिकित्सकों और कर्मचारियों का कहना है कि अब 10 अगस्त को बैठक में बड़े आंदोलन का फैसला लिया जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने पीएमओ साराह अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा।
सोमवार को हड़ताल के कारण मरीजों की अस्पताल में लाइन लग गई और मरीज अपने उपचार के लिए चिकित्सकों के पेन उठाने व पर्ची काउंटर पर ओपीडी पर्ची बनवाने के लिए इंतजार करते रहे। पेन उठाने के बाद चिकित्सकों ने अस्पताल में आए सभी मरीजों का उपचार किया, जिसके चलते चिकित्सक देर शाम तक मरीजों को देखते रहे। इसी बीच दोपहर एक बजे तक 800 के लगभग ओपीडी की पर्चियां काटी गई थी, शाम होते-होते 1500 के करीब पहुंच गई।