दोस्त पुलिस कार्यक्रम के दौरान छात्रों को जानकारी देते हुए एसआई बंशी लाल। संवाद
पानीपत। अमर उजाला फाउंडेशन के पुलिस दोस्त कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को आर्य पीजी कॉलेज की एनएसएस इकाई के 20 स्वयंसेवकों ने शहर थाना पुलिस का भ्रमण किया। स्वयंसेवकों ने थाने में पुलिस की कार्यप्रणाली के बारे में जाना। थाना प्रभारी मुकेश सिंह ने स्वयंसेवकों के प्रश्नों के उत्तर दिए।
स्वयंसेवकों ने सबसे पहले थाना परिसर में थाना प्रभारी और मुंशी के कार्यालय के चल रहे काम को देखा। इसके बाद हवालात की जानकारी ली। साथ ही थाने की कार्यप्रणाली में शिकायत लिखने और करने, पुलिस की इस कार्रवाई के तरीकों की जानकारी ली। थाना प्रभारी मुकेश सिंह व एसआई बंशी लाल ने छात्रों से संवाद किया और साइबर अपराध के बारे में जानकारी दी। थाना प्रभारी मुकेश ने कहा कि अनजान व्यक्ति से सोशल मीडिया पर दोस्ती करने से बचें, किसी से भी कोई ओटीपी शेयर न करें। साथ ही नशे से दूर रहकर अपनी पढ़ाई पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध लगातार बढ़ रहा है। जिस कारण हर समय सावधान रहने की आवश्यकता है। अनजान कॉल न उठाएं और संदेह होने पर तुरंत ही पुलिस को इसकी सूचना दी।
साइबर अपराध का शिकार होने पर तुरंत ही 1930 पर कॉल कर इसकी जानकारी दें। इसके बाद उन्होंने छात्रों को नशे से भी दूर रहना चाहिए। प्रभारी ने कहा कि छात्र जीवन में नशे की आदत लगने से पढ़ाई और सेहत दोनों का नुकसान होता है। शुरुआत में दोस्त के साथ नशा करते देखने की आदत से नशे की लत की शुरुआत होती है। किसी के कहने पर नशा न करें। यातायात नियमों का पालन करना भी जरूरी है। उन्होंने सभी से दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट लगाने का आह्वान किया। इस मौके पर आर्य पीजी कॉलेज के मास कम्युनिकेशन विभाग के प्रभारी डॉ. दिनेश गाहल्याण व सोनू मौजूद रहे।
-