माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। सनातन धर्म संगठन ने दशहरा और हनुमान की फेरी के दौरान डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। इसके लिए 11 सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। शहर की सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं की बैठक मंगलवार को कुटानी रोड स्थित श्रीअवध धाम मंदिर में हुई। जिसमें सनातन धर्म संगठन व दशहरा कमेटी सनौली रोड, श्रीराम दशहरा कमेटी, श्री कृष्णा क्लब सेक्टर 11/12, दशहरा कमेटी मॉडल टाउन, दशहरा कमेटी देवी मंदिर, महावीर मंदिर रामलाल स्कूल दशहरा कमेटी के पदाधिकारी शामिल हुए।
सभी संस्थाओं ने फैसला लिया कि इस बार दशहरा पर्व पर हनुमान सभा डीजे का प्रयोग न करें। इसके साथ हनुमान मनौती यात्रा में हनुमान स्वरूप के साथ चलने वाले डीजे पर भी पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया। सनातन धर्म संगठन के बैनर तले सभी धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं ने इसका संकल्प लिया। सनातन धर्म मंदिर माॅडल टाउन के प्रधान एवं निगम पार्षद तरुण गांधी ने कहा कि स्टेडियम में होने वाले दशहरा पर्व में यदि कोई डीजे लेकर आएगा तो उसको कमेटी अंदर नहीं आने दिया जाएगा। सनौली रोड दशहरा कमेटी के प्रधान रमेश माटा ने कहा कि डीजे के शामिल हाेने से बहुत नुकसान होता है। हृदय के मरीज व नवजात को अनेक प्रकार की समस्याओं का सामना पड़ता है।
प्रशासन का लिया जाएगा सहयोग
प्रशासन और पुलिस का भी डीजे के पूर्ण प्रतिबंध में सहयोग लिया जाए गा। कृष्णा क्लब से महेश नारंग ने कहा कि वे डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध चाहते हैं। देवी मंदिर दशहरा कमेटी से पार्षद नवल जिंदल ने कहा की डीजे प्रतिबंध के लिए हर वर्ष प्रयास कर रहे हैं। अबकी बार सबके सहयोग से इसे बंद किया जाएगा। श्रीराम दशहरा कमेटी बरसत रोड से हरीश अरोड़ा ने कहा कि दशहरा पर्व पर डीजे का चलन ठीक नहीं है। इसे सबके सहयोग से बंद किया जा सकता है। अग्रवाल संगठन के अध्यक्ष विकास गोयल ने कहा कि डीजे के कारण नगर के अंदर सौहार्द का वातावरण नहीं रहता। भाईचारा खराब होने का डर बना रहता है। हिंदू सत्संग मंदिर के प्रधान एवं सराफा बाजार के प्रधान राजेश सूरी ने कहा की धर्म के साथ बच्चों को जोड़ना अच्छी बात है लेकिन छोटे बच्चों को धर्म की मर्यादा के लिए पाठ पढ़ना भी जरूरी है। बच्चों को हनुमान स्वरूप धारण नहीं करना चाहिए।
सनातन धर्म संगठन के प्रधान कृष्ण रेवड़ी ने कहा कि संस्था और कमेटी कई वर्षों से लगातार इसका प्रयास कर रही है। दशहरा पर्व पर एक नियमावली और फैसला लागू करने के लिए 11 सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। हरिओम तायल ने कहा कि धार्मिक व सामाजिक संस्थाएं डीजे प्रतिबंधित और व्रत नियम हनुमान स्वरूप को उठाने व हनुमान स्वरूप की आयु तय करने के लिए एकजुट है और सभी समाज के लोग इसका समर्थन करते हैं। इस अवसर पर डॉ. रमेश चुघ, युद्धवीर रेवड़ी, अशोक नारंग, सुरेंद्र गर्ग, प्रीतम गुर्जर, अजय शर्मा, पार्षद रोकी गहलोत, अमरनाथ गुप्ता, राजेंद्र गुप्ता, मास्टर मुकेश बॉस व प्राण रत्नाकर मौजूद रहे।