पानीपत। राशन वितरण में गड़बड़ी की शिकायत पर मुख्यमंत्री उडनदस्ता करनाल की टीम ने वीरवार को वार्ड 17 में उमेश के राशन डिपो पर दबिश दी। इस कार्रवाई में टीम ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को भी साथ में लिया। निरीक्षण के दौरान राशन डिपो पर ताला लगा मिला। टीम ने डिपो धारक उमेश के मोबाइल नंबर पर संपर्क किया लेकिन वह नहीं पहुंचा। इसके बाद टीम ने उच्च अधिकारियों समेत एरिया पार्षद प्रमोद देवी के पति जसमेर शर्मा को सूचित किया गया। जसमेर शर्मा व एएफएसओ देवेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और राशन डिपो धारक का इंतजार करने के बाद डिपो के शटर पर लगा ताला तोड़ा गया। इस दौरान मौके पर गेहूं के 24 कट्टे (1200 किलोग्राम) बाजार 21 कट्टे (1050 किलोग्राम) छह लीटर सरसों का तेल (3 बोतल), 12 किलोग्राम चीनी पाई गई। जबकि ऑनलाइन रिकॉर्ड अनुसार गेहूं 1033 किलोग्राम, 6123 किलोग्राम बाजरा और 4195 किलोग्राम गेहूं दर्ज मिला। डिपो पर 2995 किलोग्राम गेहूं, 5073 किलोग्राम बाजरा कम पाया गया। छह लीटर सरसों के तेल समेत 12 किलोग्राम चीनी अधिक पाई गई।
इसके अतिरिक्त डिपो धारक द्वारा साइन बोर्ड, रेट स्टाॅक बोर्ड, फ्लेक्स बोर्ड, निगरान कमेटी की सूची, कार्ड धारक की लिस्ट, माप तोल इलेक्ट्राॅनिक्स कांटा व पोस इलेक्ट्राॅनिक्स मशीन मौका पर नहीं मिली। टीम के अनुसार डिपो धारक द्वारा राशन वितरण सही न करके सरकारी राशन खुर्द बुर्द करना पाया गया है। इस संबंध में निरीक्षक सुरेंद्र कुमार खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी द्वारा आठ मरला पुलिस को डिपो धारक उमेश कुमार के खिलाफ शिकायत दी गई है। अब शिकायत पर पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में मुख्यमंत्री उडनदस्ता करनाल से उप निरीक्षक राज सिंह समेत खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से निरीक्षक सुरेंद्र कुमार, प्रवीन कुमार व रवि शामिल रहे।