माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। नांगलखेड़ी गांव में दशहरा की रात शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में 28 वर्षीय राहुल मलिक की हत्या कर दी गई। परिजन का आरोप है कि उसके बचपन के दोस्त ने साथियों के साथ मिलकर उस पर चाकुओं से सात-आठ वार किए। गंभीर रूप से घायल राहुल को बिशनस्वरूप कॉलोनी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां बुधवार शाम इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
वारदात के बाद मुख्य आरोपी भाग निकला। शिकायत के आधार पर पुलिस प्राथमिक दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
पार्टी में कहासुनी के बाद किया हमला
परिजन के अनुसार, मंगलवार को दशहरे के दिन राहुल अपने दोस्तों के साथ विकास नगर और नांगलखेड़ी के बीच स्थित एक कार्यालय में शराब पार्टी कर रहा था। इसी दौरान उसकी बचपन के एक दोस्त से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अन्य युवकों ने राहुल को पकड़ लिया और उस पर चाकुओं से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल राहुल को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन बुधवार शाम उसकी मौत हो गई।
दोनों डंकी रूट से गए थे अमेरिका
परिजनों ने बताया कि राहुल और मुख्य आरोपी बचपन के दोस्त थे। वर्ष 2023 में दोनों करीब 50 लाख रुपये खर्च कर डंकी रूट के जरिये अमेरिका गए थे। बाद में दोनों को भारत डिपोर्ट कर दिया गया था। परिजनों ने आशंका जताई कि अमेरिका जाने के खर्च, आपसी लेन-देन या किसी पुरानी रंजिश के कारण विवाद हुआ होगा। हालांकि, हत्या की असल वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
सेक्टर-29 थाना प्रभारी रोबिन ने बताया कि पुलिस को झगड़े में युवक को चाकू मारने की सूचना मिली थी। अस्पताल में उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मुख्य आरोपी नांगलखेड़ी गांव का ही रहने वाला है और फिलहाल पुलिस की पकड़ से दूर परिजनों की शिकायत मिलने के बाद नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
राहुल। फाइल फोटो--