माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. किरण सिंह ने योगशाला और व्यायामशाला की समीक्षा बैठक की। जिसमें मुलभूत सुविधाओं की स्थिति पर चर्चा की। आयुष अधिकारी व कार्यकारी अभियंता को योग सहायक के साथ मिलकर सभी योगशाला व व्यायामशाला का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। ताकि उनमें मूलभूत सुविधा जैसे शौचालय, दीवार, शेड, फर्श, ट्रैक आदि की सुविधाएं दी जा सके।
उन्होंने कहा कि चिह्नित योगशाला और व्यायामशाला में मुलभूत सुविधाओं की आवश्यकता है। उनका निरीक्षण कर उन्हें चिह्नित करें। उन्होंने कहा कि उन सभी योगशालाओं और व्यायामशालाओं में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय के माध्यम से संबंधित ग्राम पंचायत फंड या पंचायत समिति फंड से अविलंब कार्य पूर्ण कराए जाएं।
जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. किरण सिंह ने आयुष योग सहायकों को दिशा निर्देश दिए कि आप अपने स्तर पर योगशालाओं और व्यायामशालाओं के रखरखाव रखें और ज्यादा से ज्यादा लोगों को योग के लिए प्रेरित करें ताकि वह स्वस्थ एवं निरोग जीवन व्यतीत कर सकें। इस मौके पर पंचायती राज के कार्यकारी अभियंता प्रदीप, जिला आयुष अधिकारी महिपाल, जिला योग समन्वयक अरुण, परियोजना अधिकारी (स्वास्थ्य एवं शिक्षा) राजेश संधु उपस्थित रहे।