इसराना। कस्बे में वीरवार को तेज बारिश होने से जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इसराना में बारिश से शेड वाली मंडी, मोती मंडी, लक्ष्मी नगर कॉलोनी व हाइवे की सर्विस लेन की सड़क के अलावा अन्य रिहायशी इलाकों में गंदा पानी भर गया है। जिससे प्रशासन के निकासी के दावों की पोल खुल गई है
इसराना निवासी शमशेर सिंह, दिलबाग और राजबीर ने बताया कि वीरवार को बरसात इतनी ज्यादा हुई कि शेड वाली मंडी, मोती मंडी व हाइवे की सर्विस लेन बरसात से तालाब नजर आए। गलियां व नाले गंदगी से भरा होने से राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है। बरसात से हाइवे की दोनों तरफ की सर्विस लेन जलमग्न हो गई। सर्विस लेन से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ी। उपमंडल के ज्यादातर गांवों में भी बरसात से गलियों में पानी भरा रहा। दूसरी तरफ बरसात से किसानों के चेहरे खिले रहे। धान की फसल के लिए बरसात को वरदान माना जा रहा है।