संवाद न्यूज एजेंसी
समालखा। मॉडल टाउन समालखा में गीता स्कूल वाली गली में कई दिनों से गंदा पानी जमा है। बिना बरसात के ही नालियों का गंदा पानी गलियों में भरा हुआ है। पीने के पानी की पाइपों में भी गंदा पानी आ रहा है। इससे से लोग बीमार पड़ रहे हैं। लोगों ने नगर पालिका के खिलाफ रोष जताया है।
सनी मित्तल, चिंटू, राधेश्याम, गोविंद, रेनू, शकुंतला इत्यादि ने बताया कि हालात लोग अपने दोस्तों के घर से या रिश्तेदारों के घर से पीने का पानी ला रहे हैं। नहाने के लिए भी दूर-दूर से पानी लाया जा रहा है। आना-जाना तो दूर की बात यहां पर रहना भी उनके लिए दूभर हो चुका है। उन्होंने कहा कि प्रशासन उनके घरों की चाबियां ले ले और उन्हें कहीं ओर छोड़ आए तो सही होगा। यहीं से गोसाई मंदिर के लिए भी रास्ता जाता है। लोग बहुत परेशान हैं।
लोगों ने बताया कि नगर पालिका तो अपने हाथ खड़े कर चुकी है। कोई सुनने वाला नहीं है। प्रशासन के सभी अधिकारियों को इसकी जानकारी दे दी है। कोई भी इसकी तरफ ध्यान नहीं दे रहा। समस्या का हल नहीं किया जा रहा। सोमवार को एसडीएम से इस समस्या को लेकर मिलेंगे। समाधान शिविर में अपनी समस्या रखेंगे। यही हाल वैश्य कन्या स्कूल वाली गली, गुड़ मंडी गेट, कुच्छल की दुकान के पीछे वाली गली का भी है। कहीं पर भी निकलने का रास्ता नहीं है।