माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। अब नगर निगम सनौली रोड पर भी डेकोरेटिव पोल और फैंसी लाइटें लगाने जा रहा है। इस परियोजना पर निगम करीब 66.88 लाख रुपये खर्च करेगा। इसके डिजाइन से लेकर एस्टीमेट को अनुमति मिल चुकी है। नगर निगम ने इस प्रोजेक्ट की निविदाएं आमंत्रित की हैं।
अधिकारियों का कहना है कि सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद तीन माह के भीतर प्रोजेक्ट को पूरा कर लिया जाएगा। ये लाइटें जीटी रोड पर सनौली रोड कट से लेकर बबैल नाके तक लगाई जाएंगी। इस दूरी में निगम करीब 76 नए पोल लगाएगा। पोल का निगम ने डिजाइन भी तैयार करवा लिया है। वहीं मौजूदा लाइटाें को निगम अपने स्टाॅक में रखेगा। ये लाइटें और पोल वहां काम आएंगे जहां लाइटों की जरूरत नहीं होगी।
नगर निगम इससे पहले असंध रोड फिर गोहाना रोड, सेक्टर 13-17, सेक्टर 25 और 29 में डेकोरेटिव पोल और फैंसी लाइटें लगाने का काम पूरा कर लिया है। आगामी दिनों में निगम बबैल रोड और कुटानी रोड पर भी फैंसी लाइटें लगाएगा। पुराना औद्योगिक क्षेत्र में भी डेकोरेटिव पोल और फैंसी लाइटें लगाने की परियोजना सिरे चढ़ सकती है। नगर निगम के हाल ही में तैयार किए नए सेक्टर 13-17 के चार आधुनिक रास्तों वाले 33 करोड़ी प्रोजेक्ट में भी इन लाइटों का जिक्र है।
एक लाइट करीब 88 हजार रुपये में मिलेगी। इस राशि में एजेंसी लाइटों की खरीद से लेकर इनको लगवाने का काम भी करेगी। ये लाइटें नौ मीटर की ऊंचाई की होंगी और हर 30 मीटर के दायरे में लगाई जानी है। यानी सनौली रोड की ये लाइटें करीब सवा दो किलोमीटर सड़क को रात के समय रोशन करेंगी। निगम असंध रोड, गोहाना रोड की तर्ज पर डेकोरेटिव पोल और फैंसी लाइटें लगाने के बाद इन पर तिरंगा एलईडी लाइटें भी लगवाएगा।
सनौली रोड को डेकोरेटिव पोल और फैंसी लाइटों से जगमग करने का प्रोजेक्ट तैयार हो चुका है। इस रोड पर बबैल नाके तक करीब 76 लाइटें लगाई जाएंगी। इस पर करीब 67 लाख रुपये का खर्च होगा। - गौरव कुमार, जेई, इलेक्ट्रिकल विंग, नगर निगम।